ब्रेकिंग स्क्राल
Home / अंतर्राष्ट्रीय / कोरोना महामारी से विदेशों में भी हालात खराब

कोरोना महामारी से विदेशों में भी हालात खराब

कोरोना महामारी से ब्राजील में हालात बेकाबू हो रहे हैं। अमेरिका के बाद सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या हो गई है। ब्राजील में कुल मरीजों का आंकड़ा 3,49,113 हो गया है। लैटिन अमेरिकी देश में अब तक 22 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। यहां हालात इतने खराब हैं कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति का शव 30 घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन उसे उठाने कोई नहीं आया।

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बीते 24 घंटे में 1001 लोगों की मौत की पुष्टि की। ब्राजील में संक्रमण के प्रकोप के बीच यह बहस चल रही है कि वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन में ढील दी जाए या पाबंदियों को और सख्त किया जाए। इस बीच, रियो डि जेनेरियो शहर में 62 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई।
उनका शव पार्किंग के बीच पड़ा रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्लिनअर डि सिल्वा नामक शख्स को सांस लेने में दिक्कत होने पर एंबुलेंस को फोन किया गया। जब तक एंबुलेंस आई, उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ चुकी थी। एंबुलेंस आने तक उनकी मौत हो चुकी थी। ऐसे में एंबुलेंस ने उनके शव को ले जाने से इनकार कर दिया। 30 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार कराने वाली टीम ने उनके शव को वहां से हटाया।

ट्रंप बोले-चर्च खुलें, जर्मनी में प्रार्थना सभा के बाद संक्रमण बढ़ा
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सभी राज्यों को अब चर्च जैसे प्रार्थनाघर खोल देना चाहिए। ये स्थल जरूरी सेवाओं में आते हैं। अमेरिका में रविवार सुबह 10 बजे तक कोरोना के 16,66,828 मामले सामने आए हैं। जबकि 98,683 मौतें हुई हैं। उधर, जर्मनी में फ्रैंकफर्ट की चर्च में प्रार्थना सभा के बाद कई लोग संक्रमित मिले हैं। धार्मिक संगठन इवेंजलिकल क्रिश्चन बाप्टिस्ट के उपप्रमुख व्लादिमीर प्रिट्जकाऊ ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने मरीजों की संख्या नहीं बताई। उन्होंने कहा कि छह लोग अस्पताल में हैं, बाकी घर में ही क्वारंटीन में हैं।

अर्जेंटीना में एक दिन में सबसे ज्यादा 718 मामले
ब्यूनस आयर्स। ब्राजील के पड़ोसी देश अर्जेंटीना में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार को 718 नए मामले मिले, जो एक दिन में सर्वाधिक हैं। वहीं कुल मामले 10,649 हो चुके हैं, जिनमें से 433 लोगों की मौत हो चुकी है।

रूस में 9 हजार से ज्यादा नए मामले
मास्को। रूस में बीते 24 घंटे में 9,434 नए मामले मिले हैं, जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या 3,35,882 हो गई है। कोरोना वायरस रिस्पांस सेंटर के मुताबिक, बीते 24 घंटे में रूस में 139 लोगों की जान गई है। देश में अब तक 3,388 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान में 52 हजार के पार मरीज
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 52 हजार को पार कर गई है। इस बीच, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर लोगों ने सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया तो मामलों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। पीएम इमरान खान के विशेष सहायक (स्वास्थ्य) जफर मिर्जा ने कहा, पिछले हफ्ते की रिपोर्ट अच्छी नहीं है।

अगर एहतियात नहीं बरती गई तो मामले दोगुने हो सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पाक में बीते 24 घंटे में 1743 मरीज मिले हैं, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 52,437 हो गई है। वहीं 34 लोगों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा 1101 हो गया है। अब तक 16653 लोग ठीक हो चुके हैं।

अमेरिकी महाशक्ति में अर्थव्यवस्था घुटनों के बल आ गई
दुनिया में कोरोना की सबसे बड़ी शिकार अमेरिकी महाशक्ति में अर्थव्यवस्था घुटनों के बल आ गई है। अकेले अमेरिका में कुल मरने वालों का आंकड़ा 88,532 पर पहुंच चुका है जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 14,84,579 हो गई है। वैश्विक संक्रमण 46.49 लाख के पार होने के बीच अमेरिका ने दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा राहत पैकेज पारित कर दिया है। दूसरी तरफ दुनिया में कुल 3,09,047 लोग महामारी से मारे जा चुके हैं।

इंडोनेशिया में संक्रमितों की कुल संख्या 17,025 हुई

दक्षिण पूर्व एशियाई देश इंडोनेशिया में भी कोरोना महामारी का प्रकोप जारी है। जकार्ता में शनिवार को 529 नए कोरोना वायरस संक्रमितों के साथ कुल संख्या 17,025 हो गई है। जबकि मृतकों की कुल संख्या 1,089 पहुंच गई है। इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि देश में 1,35,726 लोगों की कोरोना वायरस का परीक्षण किया जा चुका है।

ईरान ने व्यापारिक सीमाओं को खोला

ईरान ने अफगानिस्तान को जोड़ने वाली महिरौद और डोगराउन की सीमा को व्यापार के लिए फिर से खोल दिया है। वहीं ईरान-पाकिस्तान सीमा पर स्थित सिस्तान और बलूचिस्तान सीमा को भी खोल दिया गया है। ईरान में संक्रमितों की संख्या कम हुई है इसलिए यहां पर जल्द ही अर्थव्यवस्था खोलने की तैयारी जारी है।
स्लोवेनिया ने खुद को कोरोना मुक्त घोषित किया
स्लोवेनिया पहला ऐसा यूरोपीय देश बन गया है, जिसने खुद के कोरोना मुक्त होने की घोषणा की है। सरकार ने कहा कि कोरोना वायरस देश में पूरी तरह नियंत्रण में है और अब असाधारण स्वास्थ्य उपायों की आवश्यकता नहीं है। यहां की सरकार ने यूरोपीय यूनियन के देशों के लोगों के लिए अपनी सीमाएं खोल दी हैं।

ब्रिटेन : मामलों में आई कमी

अमेरिका, ब्राजील, स्पेन और रूस के बाद ब्रिटेन पांचवा सर्वाधिक कोरोना प्रभावित देश है। यहां एक दिन में 3,560 केस मिले हैं और 384 लोगों की जान गई है। देश में अब तक लगभग 34 हजार लोगों की मौत हो चुकी है और 2.36 लाख लोग संक्रमित हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने बताया है कि देश में मरने वालों की संख्या में कमी आ रही है।

इटली में 3 जून से विदेश यात्रा की अनुमति

इटली 3 जून से अंतरराष्ट्रीय यात्रा से प्रतिबंध हटा रहा है। लोग अब इटली में दूसरे देशों से आवाजाही कर सकेंगे। उसी दिन से देश के अंदर फ्री ट्रैवल को भी अनुमति दी जाएगी। इटली में अब तक 31 हजार 610 लोगों की मौत हो गई है। दो लाख 23 हजार 885 संक्रमित हैं। दुनिया में अमेरिका और ब्रिटेन के बाद सबसे ज्यादा मौतें यहीं हुई हैं।

About The Achiever Times

Check Also

बांग्लादेश के स्कूल में भी लगा बुर्के पर प्रतिबंध

कर्नाटक की तर्ज पर बांग्लादेश के नोआखाली के सेनबाग उपजिले में एक स्कूल के क्लासरूम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *