लखनऊ: अलीगंज सेक्टर एन-2, लाला लाजपत नगर वार्ड में पेय जल के लिए लगाई गई वाटर सप्लाई से आए दिन गंदा पानी आता रहता है, जिससे वार्ड में पेय जल का संकट बना रहता है। साथ ही यह पानी दैनिक जरूरतों को पूर्ण करने लायक भी नहीं होता है, ऐसे में कॉलोनी निवासियों में असुविधाओं को लेकर रोष है। वार्ड निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार ने शासन -प्रशासन को ट्वीट कर चेताया कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए अन्यथा आगामी समय में क्षेत्रवासी को गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।
अजय कुमार ने बताया कि सप्लाई का गंदा पानी न चाहकर भी लोग पी रहे हैं। इससे बीमारी का खतरा बना रहता है। मजबूरन लोग गंदे पानी को पी रहे हैं। पेयजल के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। जिससे क्षेत्र वासियों में आक्रोश है। साथ ही इस्माईल गंज, इंदिरा नगर एवं गोमती नगर के भी कई इलाके ऐसे है जहाँ पर लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है |