ब्रेकिंग स्क्राल
Home / बड़ी ख़बरें / भारत बंद का पूरे देश में असर, जन्मदिन नही मनाएंगी सोनिया

भारत बंद का पूरे देश में असर, जन्मदिन नही मनाएंगी सोनिया

केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज देशभर के किसानों ने भारत बंद का आह्वान किया है। किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक यानी चार घंटे का सांकेतिक बंद बुलाया था लेकिन इसका असर सुबह आठ बजे से ही दिखने लगा। तमाम राजनीतिक दलों ने सुबह आठ बजे से ही बंद के तहत विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बंद को देश के सभी विपक्षी दलों ने अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा किसान यूनियनें भी किसानों के साथ हैं। किसानों की मांग है कि सरकार इन कानूनों को वापस ले। वहीं बंद के अंतर्गत पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और ओडिशा में ट्रेनों को रोका गया। इसके कारण कई जगहों पर आवाजाही प्रभावित है। दूसरी ओर किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना है कि हमारा बंद शांतिपूर्ण होगा और यदि कोई इसमें दो-तीन घंटे तक फंसा रह जाता है तो उसे फल और पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-

मध्यप्रदेश के होशंगाबाद में केकेएमएस ने किया प्रदर्शन
मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में सिवनी-मालवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह किसान संघों द्वारा केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में बुलाए गए ‘भारत बंद’ के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन (केकेएमएस) के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग की।

विपक्षी नेताओं के घर और कार्याल के बाहर पुलिस का पहरा
भारत बंद के मद्देनजर कानपुर में पूर्व सांसद सुभाषिनी अली सहित सभी विपक्षी नेताओं के घरों और कार्यालयों के बाहर पुलिस का पहरा लगाया गया है।

दिल्ली पुलिस ने सीमाओं, बाजारों समेत अन्य स्थानों पर बढ़ाई सुरक्षा
केंद्र के नए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत ‘भारत बंद’ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सभी सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी और शहर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के पूरे इंतजाम किए हैं।

गुजरात में प्रदर्शनकारियों ने तीन राजमार्गों को बाधित किया
केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद के समर्थन में मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने गुजरात के ग्रामीण इलाकों में तीन राजमार्गों को बाधित किया और मार्ग पर जलते हुए टायर रख दिए। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

नौ जोन में बंटा मेरठ, चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात,
भारत बंद को देखते हुए पुलिस विभाग अलर्ट पर रहेगा। एसपी सिटी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिले को नौ जोन, 31 सेक्टरों में बांटा गया है। 1-1 कंपनी आरएएफ बीएसएफ व तीन कंपनी पीएसी के अलावा 32 क्यूआरटी तैनात की गई है। हाईवे से लेकर शहर के मुख्य बाजारों में पुलिस तैनाती रहेगी।

आसनसोल में भारतीय ट्रेड यूनियन ने निकाला मार्च
पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में, भारतीय ट्रेड यूनियन ने आज आसनसोल में विरोध मार्च निकाला।

राजद कार्यकर्ताओं ने भारत बंद को दिया अपना समर्थन
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद को अपना समर्थन दिया। इस दरान राजद कार्यकर्ताओं ने दरभंगा के गंज चौक पर टायर जलाया।

दोपहर तक यूपी, दिल्ली, टनकपुर, हल्द्वानी के लिए नहीं चलेंगी बसें
किसान आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को बंद के मद्देनजर यूपी, दिल्ली, टनकपुर और हल्द्वानी के लिए देहरादून से रोडवेज की बसें नहीं चलेंगी। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने बैठक कर यह फैसला लिया है। यह फैसला ड्राइवर, कंडक्टर, बस और सवारियों की सुरक्षा के तहत लिया गया है। दोपहर तक माहौल देखने के बाद बसों को रवाना किया जाएगा।

कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं ने विधान सौधा में किया प्रदर्शन
कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं ने बंगलूरू में स्थित विधान सौधा में गांधी प्रतिमा के सामने किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया, केंद्र के खिलाफ नारे लगाए और काले झंडे दिखाए। इस दौरान पार्टी नेता सिद्धारमैया, बीके हरिप्रसाद, रामलिंग रेड्डी और अन्य उपस्थित रहे।

कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं ने विधान सौधा में किया प्रदर्शन
कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं ने बंगलूरू में स्थित विधान सौधा में गांधी प्रतिमा के सामने किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया, केंद्र के खिलाफ नारे लगाए और काले झंडे दिखाए। इस दौरान पार्टी नेता सिद्धारमैया, बीके हरिप्रसाद, रामलिंग रेड्डी और अन्य उपस्थित रहे।

तेलंगाना पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
तेलंगाना के राचनकोंडा पुलिस ने कहा, ‘सभी से भारत बंद के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की जाती है। किसी भी तरह से जबरन बंद/ रोक लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’

वामपंथी संगठनों ने की नारेबाजी
कर्नाटक में भारत बंद के कारण कलबुर्गी में वामपंथी संगठनों ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी की। कलबुर्गी सेंट्रल बस स्टेशन का दृश्य।

गौतम बौद्ध नगर में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ होगी सख्ती
गौतम बौद्ध नगर के अतिरिक्त सीपी लव कुमार ने कहा, ‘हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जनता को असुविधा का सामना न करना पड़े और कोई यातायात में कोई व्यवधान न हो। जिले की सभी महत्वपूर्ण प्रविष्टि/ निकास बिंदुओं पर/ पर्याप्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। हमने पीएसी (प्रोविंशियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी) बल भी तैनात किए हैं। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चक्कर लगा रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी जबरन बंद न थोपे। सभी को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और ऑटो की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जो भी कानून अपने हाथ में लेगा, हम उससे सख्ती से निपटेंगे।’

तेलंगाना के सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों ने किसानों का किया समर्थन
तेलंगाना के कामरेड्डी में सड़क परिवहन निगम के कर्मचारी किसान संघों द्वारा बुलाए गए भारत बंद को अपना समर्थन दे रहे हैं। एक बस चालक ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई है। उनके साथ जाते हुए हम आरटीसी के कार्यकर्ता यहां विरोध कर रहे हैं। किसानों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।’

पटना में तैनात सुरक्षाकर्मी
बिहार की राजधानी पटना में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान यूनियनों ने आज भारत बंद बुलाया है। इसके मद्देनजर पटना में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

सिंघु सीमा पर भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं
सिंघु सीमा (हरियाणा-दिल्ली सीमा) पर सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई है। सीमा पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज लगातार 13वें दिन जारी है। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान यूनियनों ने आज भारत बंद बुलाया है।

आंध्र प्रदेश में वामपंथी दलों ने किया विरोध प्रदर्शन
आंध्र प्रदेश में वामपंथी दलों ने केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ, किसान यूनियनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में, विजयनगरम जिले के पार्वतीपुरम में विरोध प्रदर्शन किया गया।

बिहार सरकार ने दिया सख्ती का आदेश
भारत बंद के मद्देनजर बिहार सरकार ने सभी एसपी को आदेश दिया है कि यदि प्रदर्शनकारी कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश करें, तो उनपर सख्त कार्रवाई की जाए।

‘भारत बंद’ के दौरान खुला एपीएमसी बाजार
महाराष्ट्र के पुणे में ‘भारत बंद’ के दौरान एपीएमसी का बाजार खुला है। एक स्थानीय व्यापारी सचिन पयगुडे कहते हैं, ‘हम किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हैं। लेकिन हमने आज बाजार खुला रखा है। ऐसे में दूसरे राज्यों से आने वाले कृषि उत्पादों को स्टोर किया जा सकता है वरना वे वे सड़ जाएंगे। इन्हें कल ही बेचा जाएगा।’

दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कौन सी सीमाएं हैं खुलीं और बंद
दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा, ‘टिकरी, झारोदा बॉर्डर, धनसा किसी भी तरह की ट्रैफिक गतिविधि के लिए बंद हैं। बदुसराय सीमा केवल हल्के मोटर वाहनों जैसे कारों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली है। झटीकरा सीमा केवल दोपहिया यातायात के लिए खुली है। दौराला, कापसहेड़ा, राजोखरी एनएच-8, बिजवासन/ बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा की सीमाएं हरियाणा जाने के लिए खुली हैं।’

हमारा विरोध पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा: राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, ‘हमारा विरोध पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। अगर हमारे द्वारा बुलाए गए भारत बंद में कोई 2-3 घंटे के लिए फंस जाता है, तो हम उन्हें पानी और फल प्रदान करेंगे। हमारी एक अलग अवधारणा है।’

दिल्ली के बुराड़ी में प्रार्थना के लिए इकट्ठा हुए किसान
दिल्ली के बुराड़ी के निरंकारी समागम मैदान में ठहरे किसान आज सुबह प्रार्थना के लिए इकट्ठा हुए। ग्राउंड पर विरोध प्रदर्शन लगातार 13वें दिन जारी है। केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ किसान यूनियनों ने आज भारत बंद बुलाया है।

किसान बंद के मद्देनजर अपना जन्मदिन नही मनाएंगी सोनिया
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी नौ दिसंबर को अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगी। यह फैसला उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन और कोविड-19 की स्थिति के मद्देनजर लिया है।

About The Achiever Times

Check Also

गौ रक्षा महासंघ के राष्ट्रीय सचिव व प्रोजेक्ट डायरेक्टर बने सुनील कुमार

लखनऊ। अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ ने सुनील कुमार को संगठन का राष्ट्रीय सचिव बनाया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *