केंद्रीय निर्वाचन आयोग बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही विभिन्न राज्यों की विधान सभा और लोकसभा की कुल 65 रिक्त सीटों पर उपचुनाव की भी तैयारी कर रहा है। इनमें आठ रिक्त विधान सभा सीटें उत्तर प्रदेश की हैं। शुक्रवार को केन्द्रीय निर्वाचन आयोग की बैठक में बिहार विस के साथ इन 65 रिक्त सीटों के उपचुनाव करवाए जाने के बाबत विचार किया गया।
उत्तर प्रदेश की आठ रिक्त विस सीटों में अमरोहा की नौगांव सादात, उन्नाव की बांगरमऊ, देवरिया सदर, रामपुर की स्वार, कानपुर देहात की घाटमपुर, टुण्डला, बुलंदशहर, जौनपुर की मल्हनी हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार इन आठ विस सीटों पर उपचुनाव के लिए उनकी पूरी तैयारी है। केन्द्रीय आयोग जैसे निर्देश देगा, उसी के अनुपालन में इन सीटों पर भी उपचुनाव करवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री, स्वतंत्र देव सिंह व सुनील बंसल ने राज्यसभा के लिए चुने जाने पर इस्लाम को दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सैय्यद जफर इस्लाम के र्निविरोध निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी है। आशा व्यक्त की है कि श्री जफर राज्यसभा सदस्य के रूप में उत्तर प्रदेश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। सैय्यद जफर इस्लाम द्वारा अधिकृत किए गए कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रिटर्निग आफिसर से राज्यसभा सदस्य निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक तथा प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर उपस्थित रहे।