ब्रेकिंग स्क्राल
Home / प्रादेशिक समाचार / मुंबई: लगातार हो रही भारी बारिश और आंधी के कारण शहर में बाढ़ जैसे हालात

मुंबई: लगातार हो रही भारी बारिश और आंधी के कारण शहर में बाढ़ जैसे हालात

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और आंधी के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट घोषित किया है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 3-4 घंटों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं मुख्यमंत्री ने निवासियों से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना: आईएमडी
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है, ‘मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 3-4 घंटों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गड़गड़ाहट/ बिजली कड़कने की भी आशंका है।’

रेलवे ट्रैक पर फंसी लोकल ट्रेनें
रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से मुंबई की मस्जिद और भायखला स्टेशन के बीच दो लोकल ट्रेनें फंस गई हैं। रेलवे कर्मचारियों ने सीएसटी से कर्जत जाने वाले 150 यात्रियों को बचाया है, लेकिन अब भी दोनों ट्रेनों में करीब 200 लोग फंसे हुए हैं।

बारिश का 46 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
बुधवार को मुंबई की बारिश का हाल चक्रवाती तूफान निसर्ग से भी ज्यादा खतरनाक नजर आया। कोलाबा में अगस्त में 46 साल बाद 12 घंटे में 294 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके कारण दक्षिण मुंबई में सालों बाद सड़कों पर काफी ज्यादा पानी दिखाई दिया। इससे पहले 1974 के अगस्त महीने में कोलाबा में 262 एमएम बारिश का रिकॉर्ड था जबकि बुधवार को यहां 294 एमएम बारिश हुई। यहां हवा की रफ्तार 106 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है। कई इलाकों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं।

इन जगहों पर तैनात हैं एनडीआरएफ की टीमें
1. कोल्हापुर (4 टीमें)
2. सांगली (2 टीमें)
3. सतारा (1 टीम)
4. ठाणे (1 टीम)
5. पालघर (1 टीम)
6. मुंबई (5 टीमें)
7. नागपुर (1 टीम)

कोविड सेंटर में घुसा पानी
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने तीन दिन पहले जिस कोविड-हेल्थ सेंटर का उद्घाटन किया था उसमें बरसात का पानी घुस गया है। इससे प्रशासन की तैयारियों पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। यह मामला भाईंदर पूर्व में बने प्रमोद महाजन कोविड हेल्थ सेंटर का है। सोमवार को मुख्यमंत्री ने 266 बेड के इस कोविड हेल्थ सेंटर का ई-उद्घाटन किया था।

छह जगहों पर दीवार और मकान गिरे
छह जगहों पर दीवार और मकान गिरने का मामला सामने आया है। वहीं 141 स्थानों पर पेड़ गिरने की शिकायतें मिली हैं। अच्छी बात ये है कि कोई जनहानि नहीं हुई। विभाग ने गुरुवार को भी मुंबई में भारी बारिश की संभावना जताई है। मुख्यमंत्री ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

आदित्य ठाकरे ने लोगों से की घर में रहने की अपील
शिवसेना नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘आंधी और तेज बारिश की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बिना जरूरत के घरों से बाहर ना निकलें। पुलिस और शहरी/ ग्रामीण स्थानीय निकाय के कर्मचारी सड़कों पर हैं।’

About The Achiever Times

Check Also

जेईई (मेन) 2024 सेशन-1 के परिणाम में लहराया आकाश बायजूस लखनऊ का परचम

20 स्टूडेंट्स ने हासिल किए 97 फीसदी से ज्यादा परसेंटाइल पांच स्टूडेंट्स ने फिजिक्स में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *