राजस्थान में 18 महीने पुरानी अशोक गहलोत सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री के खिलाफ खुली बगावत कर दी है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने सोमवार सुबह विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें शामिल होने से पायलट ने इनकार कर दिया है। उनका दावा है कि उनके साथ 30 से अधिक विधायक है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरकार बचाने की कोशिश में लगे हुए है। इसी वजह से केसी वेणुगोपाल आज जयपुर पहुंचेंगे।
सियासी संकट के बीच आयकर विभाग की छापेमारी
आयकर विभाग राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र में कई स्थानों की छापेमारी कर रहा है। जयपुर, कोटा, दिल्ली और मुंबई में छापेमारी जारी है। आयकर विभाग के सूत्रों का कहना है कि ये छापेमारी कर चोरी की शिकायत पर की जा रही हैं। आयकर विभाग ने कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौर और राज्य कांग्रेस कार्यालय के एक सदस्य राजीव अरोड़ा के कार्यालय और निवास सहित राज्य भर में कई स्थानों पर छापे मारे।
अशोक गहलोत के कामकाज के तरीके से नाराज हैं कुछ विधायक
अशोक गहलोत की बैठकों से दूर विधायकों में अधिकांश मुख्यमंत्री के कामकाज के तरीके से सख्त नाराज हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपनी शिकायत दर्ज कराने आए हैं, लेकिन इनमें से तमाम विधायक पार्टी छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए एक थ्योरी अभी भी चल रही है कि अशोक गहलोत की स्थिति साफ होने के बाद कांग्रेस आला कमान राजस्थान में सरकार बचाने के लिए आखिरी दांव चल सकता है।