ब्रेकिंग स्क्राल
Home / प्रादेशिक समाचार / चीन और कनाडा को भी पीछे छोड़ा महाराष्ट्र ने

चीन और कनाडा को भी पीछे छोड़ा महाराष्ट्र ने

देश में शुक्रवार को पहली बार एक ही दिन में 11 हजार नए केस मिले हैं। वहीं राज्यों से देर रत मिले आंकडों के अनुसार, मरीजों की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई है। अकेले महाराष्ट्र में ही अब तक एक लाख से ज्यादा संक्रमित हैं। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में सुबह तक 2,97,535 मरीज थे।

देश में मरीजों का आंकड़ा दस दिन में दो से तीन लाख हो गया है। जबकि पहले एक लाख मरीज आने में 110 दिन लगे थे। मंत्रालय के अनुसार एक दिन में 10,956 केस मिले हैं। बीते एक दिन में 6,166 ठीक हुए वहीं 396 ने जान गंवा दी। 1,47,195 मरीज अब तक तक स्वस्थ हो चुके हैं। ठीक होने की दर 49.70 फीसदी हो गई है। कोरोना प्रभावित देशों में चौथे स्थान पर पहुंचे भारत में अब तक 8,498 लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना है कि बाकी देशों की तुलना में भारत में मृत्युदर काफी नियंत्रित है। इसके बावजूद हर तीसरे या चौथे दिन में एक हजार मौत दर्ज की जा रही है। इसे लेकर राज्यों से चर्चा की जा रही है।

महाराष्ट्र में शुक्रवार को 3493 नए मरीज सामने आने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख पार कर गई। इससे राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,01141 हो गई। वहीं, एक दिन में 127 मरीजों की मौत हो गई। इनमें से अकेले मुंबई में 90 लोगों की जान गई और राज्य में मृतकों की संख्या 3717 हो गई।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भले ही कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है, लेकिन ऐक्टिव मरीजों की संख्या 50 हजार से ज्यादा नहीं है। राज्य में शुक्रवार को भी मरीजों के स्वस्थ होने का औसत 47.3 फीसदी रहा, जबकि मृत्युदर 3.7 फीसदी बरकरार है।

वहीं, देश में कोरोना संक्रमण का हॉटस्पॉट बनी मुंबई में बीते 24 घंटे में 1366 मरीज सामने आए, जिससे वहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 55445 और मौत का आंकड़ा 2044 हो गया है। जहां मुंबई में शुक्रवार को 90 मौतें हुई वहीं, ठाणे में 11, पुणे में 12, कल्याण-डोंबिवली में तीन, वसई-विरार, धुले, अमरावती और मीरा-भाईंदर में एक-एक मौतें हुईं। इसके अलावा सांगली में तीन, औरंगाबद और नासिक में दो-दो मरीजों की मौत हुई। मृतकों में 92 पुरुष और 35 महिलाएं शामिल हैं।

चीन, कनाडा और बांग्लादेश को छोड़ा पीछे

महाराष्ट्र में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों ने चिंता पैदा कर दी है। महामारी से संक्रमित मरीजों के मामले में महाराष्ट्र ने चीन, कनाडा और बांग्लादेश को भी पीछे छोड़ दिया है। महाराष्ट्र में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 3,717 हो गई है।

About The Achiever Times

Check Also

जेईई (मेन) 2024 सेशन-1 के परिणाम में लहराया आकाश बायजूस लखनऊ का परचम

20 स्टूडेंट्स ने हासिल किए 97 फीसदी से ज्यादा परसेंटाइल पांच स्टूडेंट्स ने फिजिक्स में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *