प्रवासी मजदूर, छात्रों और जरूरमंद लोग बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद से सोशल मीडिया के द्वारा भी मदद मांग रहे हैं। वहीं अभिनेता उनकी मदद के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। वह बस, ट्रेन और उड़ान सेवा के जरिए लोगों को उनके घर पहुंचा रहे हैं। इस बीच सोनू सूद ने एक ऐसे शख्स की मदद की, जिसको अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल होना था।
दरअसल एक शख्स की पत्नी का निधन हो गया था। लॉकडाउन में फंसे होने के कारण वह पत्नी के अंतिम संस्कार में अपने घर नहीं पहुंच पाया। ऐसे में शख्स ने सोनू सूद से ट्विटर पर मदद मांगी। शख्स के एक करीबी ने ट्वीट में लिखा, ‘मेरे पड़ोसी सीताराम की पत्नी का होम टाउन वाराणसी में निधन हो गया है। वह अंतिम संस्कार के लिए बनारस जाने की कोशिश कर रहे हैं। वह तीन लोग हैं। कृपया उनकी मदद कीजिए’।
शख्स ने ट्वीट में आगे लिखा, ‘आपके अलावा हमारे सामने कोई और विकल्प नहीं है’। वहीं शख्स के इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनू ने लिखा, ‘इस क्षति के बारे में सुनकर बहुत दुखी हूं। उन्हें कल भेज दूंगा। वह जल्द अपने घर पहुंच जाएंगे। भगवान उन पर कृपा करें’। सोशल मीडिया पर सोनू सूद का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके कई फैंस इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
गौरतलब है कि सोनू सूद अब तक हजारों मजदूरों, छात्रों और जरूरतमंदों को उनके घर पहुंचा चुके हैं। वह न केवल मुंबई बल्कि देश की अन्य जगहों पर फंसे लोगों को भी उनके घर तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हाल ही में एक शख्स ने उनको लेकर ट्वीट किया। जिस पर अभिनेता ने मजेदार अंदाज में जवाब दिया था।
दरअसल एक शख्स ने भारत- चीन सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए ट्विटर पर लिखा कि ‘मेरा विचार है कि सोनू सूद को लद्दाख भेज दिया जानना चाहिए, जिससे वह चाइनीज लोगों को उनके घर सुरक्षित पहुंचा दें।’ शख्स के इस ट्वीट पर सोनू सूद ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘चाइनीज लोगों की डिटेल्स भेजो।’ सोनू सूद का यह ट्वीट वायरल हो रहा है।