घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को गिरावट का दौर जारी रहा। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 175 अंक टूटा और निफ्टी भी 45 अंक फिसला। सेंसेक्स 37000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया और निफ्टी भी 10,900 के नीचे फिसल गया। अभी सेंसेक्स 177.59 अंकों की गिरावट के साथ 36,882.78 पर कारोबार कर रहा है।
सुबह 9.42 बजे सेंसेक्स पिछले सत्र से 116.09 अंकों यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 36,944.28 पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी 36.60 अंक यानी 0.35 फीसदी फिसलकर 10,880.10 पर कारोबार कर रहा था।
कल शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 267.64 अंकों की गिरावट के साथ 37,060.37 के स्तर और निफ्टी 98.30 अंकी की गिरावट के साथ 10,918.70 पर बंद हुआ। भारतीय शेयर बाजार में कमजोर कारोबारी रुझान के कारण बुधवार को भी प्रमुख संवेदी सूचकांकों में गिरावट का रुख जारी रहा। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 90 अंक टूटा और निफ्टी भी सपाट खुलने के बाद फिसल गया।