उन्नाव में किशोरियों की मौत के मामले में विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने केवाना गांव में डेरा डाल रखा है। वह लगातार केवाना गांव से बबुरहा गांव तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने केवाना और बबुरहा गांव के सभी रास्तों को सील कर दिया है। शुक्रवार सुबह पूर्व सांसद सावित्री बाई फूले से पुलिस अधिकारियों की नोंकझोंक भी हुई। वह पीड़ित परिजनों से मुलाकात करने की मांग कर रही हैं।
शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे दोनों किशोरियों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गांव में भारी सुरक्षा बल मौजूद रहा। गांव का माहौल न बिगड़ने पाए इसके लिए जिला प्रशासन ने किसी भी राजनीतिक दल के व्यक्तियों को गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं दी है। सपा, भीम आर्मी व अन्य राजनीतिक दलों के लोग बबुरहा गांव से तीन किलोमीटर दूर केवाना गांव में प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि उन्हें बबुरहा गांव तक जाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने प्रशासन द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शन भी किया है। राजनीतिक दलों के लोग केवाना से बबुरहा न पहुंच सके इसके लिए गांव के सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। इसके अलावा बबुरहा गांव के सभी रास्तों को सील कर दिया गया था। एसडीएम पुरवा राजेश चौरसिया और एएसपी विनोद कुमार पांडेय केवाना गांव में डेरा डाले हैं।
पत्रकार प्रशांत अवस्थी
द अचीवर टाइम्स लखनऊ